सोना-चांदी तस्करी का यूपी-राजस्थान-गुजरात कनेक्शन, उदयपुर के बाद डूंगरपुर में बस से मोती, नगीने, सोना, 1321 किलो चांदी पकड़ी


डूंगरपुर : राजस्थान और गुजरात के बीच क्या सोना और चांदी तस्करी का बड़ा काम चल रहा है. क्या यह लम्बे समय से चल रहा था जिस पर अब पुलिस की नजर पड़ी है, आखिर कौन है इस तस्करी के पीछे का मास्टर माइंड जो प्राइवेट बसों में यात्री या माल परिवहन के नाम पर करोड़ों की सोना, चांदी की तस्करी कर रहा है. राजस्थान में अब उदयपुर के श्रीनाथ ट्रेवल्स की बस के बाद अब डूंगरपुर में राजस्थान पुलिस ने प्राइवेट बस में 1321 किलो चांदी, 173 किलो मोती, 202 किलो नगीना, 210 ग्राम सोना और 56 लाख कैश बरामद किया है.

 

जब्त चांदी की कीमत 8.49 करोड़ रुपए बताई जा रही है और ये सारा माल बस के नीचे अलग से तहखाना बनाकर भरा हुआ था. पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और चांदी किसकी थी इसका पता लगाया जा रहा है. मामला बिछीवाड़ा थाना इलाके का है. यह बस आगरा से अहमदाबाद जा रही थी.

 

DSP राकेश कुमार शर्मा के मुताबिक शनिवार देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि आगरा की ओर से आ रही एक प्राइवेट बस में भारी मात्रा में चांदी की तस्करी हो रही है. पुलिस टीम ने मोतली मोड़ के पास नाकाबंदी की लेकिन बस नहीं आने पर पुलिस का शक हुआ. पुलिस ने उदयपुर में गोवर्धन विलास थाना पुलिस की ओर से पकड़ी गई बस में चांदी होने का शक जताया. फिर भी मुखबिर की सूचना पुख्ता होने पर पुलिस ने राजस्थान-गुजरात के रतनपुर बॉर्डर पर नाकाबंदी कर दी. बस को रविवार सुबह 11: 20 बजे नेशनल हाईवे-48 पर रतनपुर बॉर्डर पर पकड़ा गया था.

शुरुआती तलाशी में बस में कुछ भी नहीं मिला, लेकिन बस के नीचे की तरफ देखा तो पीछे के टायर की तरफ एक मॉडिफाइड बॉक्स नजर आया. बॉक्स में तस्करी का सामान होने के शक पर पुलिस ने बॉक्स को खुलवाया तो उसमें छोटे-बड़े करीब 70 से ज्यादा कार्टन रखे मिले. इन कार्टन पर राजकोट शहर का नाम लिखा था. बस से पकड़े गए इस सामान को तौलने और कैश की गिनती करने में पुलिस को पूरा दिन लग गया. DSP ने बताया कि जब इन कार्टन को खोलकर देखा तो उसमें चांदी के बिस्किट, चांदी की सिल्ली, चांदी की मूर्तियां, मोती, नगीना, सोना और नकदी बरामद हुए. ड्राइवर, हेल्पर और क्लीनर से पूछताछ की तो वो कोई जवाब नहीं दे सके.

पुलिस ने धौलपुर के रेबियापुर निवासी धर्मेंद्र सिंह, अहमदाबाद निवासी लकदीर रेबारी और डूंगरपुर के बिछीवाड़ा के झिंझवा उपला निवासी नारायणलाल खराड़ी को डिटेन किया है. पुलिस उनसे सोने-चांदी के साथ मोती और कैश के बारे में पूछताछ कर रही है. बहरहाल इस पूरे मामले से संदेह जताया जा रहा है कि इस रूट पर लम्बे समय से तस्करी का खेल चल रहा है.