श्रीराधा गोपाल जी मंदिर में 9 दिवसीय राम कथा का शुभारंभ, भव्य कलश यात्रा निकाली गई


जयपुर। श्रीराधा गोपाल जी मंदिर, कांति नगर में आयोजित होने वाली 9 दिवसीय श्रीराम कथा के शुभारंभ अवसर पर भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। कलश यात्रा में महिलाओं, युवाओं एवं श्रद्धालुओं सहित 200 से अधिक भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कलश यात्रा का शुभारंभ कांति कानन पार्क से हुआ, जहां वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के पश्चात श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर रवाना हुए। यात्रा में सुसज्जित पारंपरिक रथ, बैंड-बाजे एवं जय श्रीराम के उद्घोषों ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया। श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए विभिन्न मार्गों से होकर श्री राधा गोपाल जी मंदिर पहुंचे।

यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। महिलाओं की बड़ी संख्या में सहभागिता ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया। कलश यात्रा के समापन पर मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न हुए।

आयोजकों ने बताया कि 7 जून से 15 जून तक प्रतिदिन दोपहर 1:30 बजे से सायं 5:00 बजे तक श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा एवं धर्म के संदेशों का श्रवण करने का अवसर प्राप्त होगा। कलश यात्रा के साथ ही 9 दिवसीय राम कथा महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हो गया। कलश यात्राएं प्रायः धार्मिक कथाओं एवं आध्यात्मिक आयोजनों के शुभारंभ का प्रतीक मानी जाती हैं।  कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की।