अर्चना शर्मा ने संभाला समाज कल्याण बोर्ड अध्यक्ष का पदभार, कांग्रेस के कई दिग्गज रहे मौजूद



जयपुर. हिंदी और अंग्रेजी न्यूज चैनल्स की डिबेट्स में कांग्रेस के लिए संकट मौचक कही जाने वाली कांग्रेस की पूर्व प्रवक्ता और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अर्चना शर्मा ने शुक्रवार को समाज कल्याण बोर्ड (Social Welfare Board in Rajasthan) के अध्यक्ष पद की कुर्सी संभाली. इस दौरान यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल, शिक्षा मंत्री बीडी कल्ला, जलदाय मंत्री महेश जोशी, खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री प्रताप सिंह, आरसीए अध्यक्ष वैभव गहलोत, आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़, स्वयं सेवी बोर्ड अध्यक्ष मुमताज मसीह, विधायक इंद्राज गुर्जर, कांग्रेस कोषाध्यक्ष सीताराज अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता, विभिन्न संस्थाओं के लोग मौजूद रहे.  

पदभार ग्रहण के दौरान अर्चना शर्मा के पक्ष में बड़ी संख्या में जनसमर्थन देखने को मिला. कांग्रेस की महिला नेताओं में अपनी क्षमताओं, कर्मठता, मेहनत के दम पर एक अलग पहचान रखने वाली अर्चना शर्मा को यह महत्वपूर्ण जिम्मा हाल ही में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निर्देशों पर सौंपा गया है. 

पदभार ग्रहण के वक्त अर्चना शर्मा ने कहा कि फ्री मेडिसिन, फ्री जांच, चिरंजीवी योजना या शहरी रोजगार योजना जैसे इनोवेटिव आइडिया के जनक रहे मुख्यमंत्री ने इस क्रम में समाज कल्याण बोर्ड का पुनर्गठन किया है. ताकि लोक कल्याणकारी योजनाओं को आसानी से संचालित किया जा सके और जनता की योजनाओं को जनता तक पहुंचाया जा सके. बोर्ड के गठन में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और मेंबर्स की भी नियुक्ति हुई है. सब मिलकर इस बात को सुनिश्चित करेंगे कि सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं को जनता तक पहुंचाया जाए. सरकार की सभी जन कल्याणकारी योजना जनता तक पहुंचे. जनता को इसका लाभ मिल सके. 

उन्होंने कहा कि केंद्र और भाजपा की ओर से जो नकारात्मक राजनीति चलती है, उसका मुंह तोड़ जवाब देकर जन कल्याण के लिए सदैव तत्पर रहेंगी. इस दौरान अर्चना शर्मा ने पहले मंत्री महेश जोशी और उसके बाद पहुंचे मंत्री शांति धारीवाल के समक्ष अनुमति लेते हुए नियुक्ति पत्र पर हस्ताक्षर किए.