जयपुर. प्रादेशिक सेना (टेरिटोरियल आर्मी) में कैप्टन बनने के बाद पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने आज दिल्ली में 124 सिख रेजिमेंट की जनरल मीटिंग और ड्रिल में हिस्सा लिया। सचिन पायलट का हाल ही में कैप्टन पद पर प्रमोशन हुआ है। जिसके बाद आज पायलट आर्मी की कॉम्बैट ड्रेस में नजर आए। सचिन पायलट के आर्मी ड्रेस में यह फोटो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहे हैं। सचिन ने टेरिटोरियल आर्मी में शामिल होने के बाद पहली बार आर्मी की कॉम्बैट यूनिफॉर्म पहने हुए फोटो ट्वीट की हैं। कॉम्बैट यूनिफॉर्म आर्मी में युद्ध और फील्ड ऑपरेशन में पहनी जाती है। सचिन पायलट ने सिंतबर 2012 में केंद्रीय मंत्री रहते हुए टेरिटोरियल आर्मी में लेफ्टिनेंट के तौर पर ज्वायन किया था। पायलट उसके बाद हर साल कुछ समय के लिए टेरिटोरियल आर्मी में कुछ समय सेवा देते हैं। पायलट को सिख रेजिमेंट दी गई है। पायलट को नौ साल बाद अब कैप्टन पद पर प्रमोशन दिया गया है। पायलट को राजनीति के साथ आर्मी के रोल में भी उनके फैंस काफी पसंद कर रहे हैं।