ईडी को इस महिला आईएएस के घर छापेमारी में इतनी बड़ी रकम मिली कि पैसे गिनते गिनते मशीनें भी हांफने लगी


रांची. कभी मनरेगा घोटाले में फंसी झारखंड की वरिष्ठ आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल पर अवैध खनन के मामले में ईडी ने छापा मारा. छापेमारी के दौरान पूजा सिंघल व उनसे जुड़े 20 ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने एक साथ कार्रवाई की. आईएएस पूजा सिंघल के आवास से करीब 25 करोड़ की नकदी बरामद हुई है, और यह नकदी इतनी थी कि राशि देखकर ईडी वालों के भी एकबारगी होश फाख्ता हो गए कि आखिर आईएएस अधिकारी के घर इतना पैसा कहां से आया. इतना ही नहीं पैसे गिनने में ना केवल अधिकारियों के पसीने छूट गए बल्कि इनती रकम गिनते गिनते मशीनें भी हांफने लगीं. जिन्हे बीच बीच रेस्ट देकर चालू करना पड़ा. शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने एक साथ यह कार्रवाई की. बताया जा रहा है कि झारखंड के रांची, खूंटी, राजस्थान के जयपुर, हरियाणा के फरीदाबाद व गुरुग्राम, पश्चिम बंगाल के कोलकाता, बिहार के मुजफ्फरपुर व दिल्ली एनसीआर में कई ठिकानों पर कार्रवाई हुई. हालांकि बताया जा रहा है कि ये पैसा इनके चार्टर्ड एकाउंटेंट (सीए) के यहां से मिला है। बता दें कि झारखंड के खूंटी जिले में मनरेगा में 18.06 करोड़ रुपये के घोटाले के वक्त वहां की उपायुक्त पूजा सिंघल थी। इस मामले में वहां के एक जूनियर अभियंता राम विनोद प्रसाद सिन्हा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था, जिन्होंने ईडी को दिए अपने बयान में यह स्वीकार किया था कि कमीशन की राशि उपायुक्त कार्यालय तक पहुंचती थी। ईडी ने चतरा और पलामू के भी दोनों मामलों की चल रही जांच की जानकारी अपने शपथ पत्र के माध्यम से हाई कोर्ट को दी थी। बहरहाल एक आईएएस के घर इतनी नकदी मिलना पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है।