REET में 400 करोड़ के घोटाले का आरोप, सांसद किरोड़ी मीना फिर ED दफ्तर के बाहर धरने पर बैठे


जयपुर। REET का विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। भाजपा सांसद डॉ.किरोड़ी लाल मीणा ने एक बार फिर सरकार के खिलाफ ईडी ऑफिस में धरना शुरू कर दिया है और इसमें 400 करोड़ के घोटाले का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने सिर्फ छोटी मछलियों को पकड़ा है। बड़ा मगरमच्छ शिक्षा बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष डीपी जारौली अब भी सरकार की पकड़ से दूर है। इस पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच करवाई जानी चाहिए। साथ ही जिन लोगों ने रीट की तैयारी में हजारों रुपए खर्च किए हैं। उन्हें 15 हजार रुपए प्रति महीने के हिसाब से सरकार को भुगतान भी करना चाहिए।

सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने आरोप लगाया कि रीट पेपर खरीदने के लिए मनी ट्रांसफर किया गया था। इस घोटाले में 400 करोड़ की डील हुई है। पूरे मामले पर मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज कराने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) आया हूं। ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि अगर पेपर लीक प्रकरण में भी शामिल हूं, तो मुझ पर भी करवाई कर सरकार मुझे गिरफ्तार करे। सिर्फ मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ही नहीं, बल्कि आयुर्वेदिक राज्यमंत्री सुभाष गर्ग ने भी मुझ पर नकल गैंग से मिले होने का आरोप लगाया है। ऐसे में अगर सीएम गहलोत को मेरे भ्रष्टाचार में शामिल होने का शक है, तो उन्हें जांच करानी चाहिए। झूठे आरोपों से डरकर प्रदेश के गरीब बच्चों के साथ अन्याय नहीं होने दूंगा।

मीणा ने कहा-रीट में सिर्फ लेवल 2 ही नहीं, लेवल वन का पेपर भी लीक हुआ था। लेवल-1 का भी पेपर रद्द होना चाहिए। सीबीआई ही असली गुनहगारों का पता लगा सकेगी। करीब 4 महीने में कैंडिडेट ने 90 हजार रुपए तैयारी में खर्च किए। इस रकम की भरपाई सरकार को करनी चाहिए। किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि रीट ने सिर्फ अभ्यर्थियों की ही नहीं बल्कि झुंझुनू की मनीषा का भी सब कुछ छीन लिया है। रीट के लिए ले जाते वक्त मनीषा के पति रामनिवास जाट की सड़क हादसे में मौत हो गई। अब बेसहारा मनीषा इस पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग को लेकर सीएम गहलोत से मिलना चाहती है। मुख्यमंत्री समय नहीं दे रहे हैं।