जयपुर। भीषण गर्मी के मौसम के बीच राजस्थान के विभिन्न स्कूलों में जिला प्रशासन द्वारा स्कूलों का समय बदलने का फैसला किया गया है। इसी कड़ी में राजधानी जयपुर में भी स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया गया है। जिला कलेक्टर राजन विशाल ने एक से आठवीं तक के स्कूलों के बच्चों का समय प्रातः 7:30 से 11:00 बजे तक का कर दिया है। उन्होंने आदेश में अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट जयपुर शहर उत्तर दक्षिण पूरब, दूदू और कोटपूतली के साथ ही सभी उपखंड अधिकारियों के साथ ही मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी जयपुर को निर्देशित किया है कि वे इस आदेश के अनुपालन सुनिश्चित कराएं। आदेश में कहा गया है कि विद्यालय के समस्त स्टाफ का समय विभागीय विद्यालय नियमानुसार रहेगा। बता दें कि भीषण गर्मी को देखते हुए अब तक 19 जिलों के आदेश जारी किए जा चुके हैं। जिला कलेक्टर दौसा, बीकानेर, जालौर ,चूरू, धौलपुर,झालावाड़,राजसमंद, हनुमानगढ़,सीकर,श्रीगंगानगर, बांसवाड़ा, अजमेर,जोधपुर,टोंक, बाड़मेर,सिरोही,अलवर,पाली, झुंझुनूं जिलों में स्कूल्स के समय में बदलाव के आदेश जारी हो चूके हैं। बहरहाल राजस्थान में बढ़ती गर्मी के बीच प्रशासन ने अभिभावकों से बच्चों का खास ध्यान रखने की अपील की है।