जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी का प्रदेश स्तरीय अधिवेशन कल दिनांक 19 फरवरी, 2022 को जयपुर के स्टेच्यू सर्किल स्थित बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। सम्मेलन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं राजस्थान प्रभारी अजय माकन, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं राजस्थान सहप्रभारी तरूण कुमार सहित प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्यगण, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्यगण शामिल होंगे।
साथ ही कांग्रेस विधायक/विधायक प्रत्याशीगण, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारीगण, वर्तमान/निवर्तमान जिलाध्यक्षगण, निवर्तमान ब्लॉक अध्यक्षगण, बोर्ड/निगम के अध्यक्षगण, अग्रिम संगठनों के प्रदेशाध्यक्षगण, विभागों व प्रकोष्ठों के निवर्तमान प्रदेशाध्यक्ष/संयोजकगण, डिजिटल सदस्यता अभियान के कोर्डिनेटर व को-कोर्डिनेटर तथा सोशल मीडिया के प्रदेश कोर्डिनेटर भी इसमें शामिल होंगे।
राजस्थान कांग्रेस के प्रवक्ता स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि अधिवेशन में दो सत्र आयोजित होंगे। अधिवेशन में प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा द्वारा सभी प्रतिभागियों का स्वागत करने के साथ ही राजस्थान सरकार की तीन वर्ष की उपलब्धियों एवं केन्द्र सरकार की विफलताओं पर उद्बोधन दिया जायेगा।
अधविशेन में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेतागण द्वारा विभिन्न विषयों पर प्रकाश डालने के साथ ही डिजिटल सदस्यता अभियान से जुड़े तकनीकी पहलू की जानकारी स्लाईड शो के माध्यम से प्रदान की जायेगी।
अधिवेशन में राजस्थान सरकार के आगामी बजट हेतु प्रतिभागियों द्वारा विभिन्न योजनाओं से संबंधित सुझाव प्रदान किये जाने के साथ सामाजिक सुरक्षा के लिये राज्य सरकार द्वारा बनाई गई विभिन्न योजनाओं पर चर्चा कर प्रस्ताव पारित किये जायेंगे।