केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्विनी चौबे ने ली कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज, कहा- टीका सुरक्षा कवच है


नई दिल्ली. केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कोरोना की दूसरी डोज ली है. एम्स दिल्ली में उनके साथ उनकी पत्नी नीता चौबे ने भी वैक्सीन की दूसरी डोज ली. केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्विनी चौबे ने डोज लेने के बाद कहा कि  टीका सुरक्षा कवच है और लोगों को समय रहते कोरोना की डोज लेनी चाहिए. क्योंकि वैक्सीन कोरोना महामारी से जंग में सुरक्षा चक्र को मजबूती प्रदान करता है. 

केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री ने देशवासियों से भी अनुरोध किया कि स्वयं व अपने प्रियजनों को इस महामारी से बचाने के लिए टीका अवश्य लगावाएं और दूसरों को भी प्रेरित करें. टीका लगवाने के बाद भी नियमित रूप से मास्क पहनें. 2 गज की दूरी का ख्याल रखें व हाथों की निरंतर सफाई करते रहें. याद रखें, दवाई भी और कड़ाई भी.

बता दें कि कोरोना संकटकाल में केन्द्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्विनी चौबे ने ना केवल देशभर में आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू करने में दिन रात काम किया बल्कि अब जब कोरोना देश में थोड़ा कमजोर पड़ रहा है और तीसरी लहर की आशंका बनी हुई है ऐसे में अभी भी दिन रात मेहनत कर रहे हैं ताकि किसी भी सूरत में कोरोना की तीसरी लहर की भयावहता से देश की रक्षा की जा सके. इस संबंध में विभाग से जुड़े अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें भी कर रहे हैं और देश के विभिन्न राज्य सरकारों के स्वास्थ्य मंत्रियों से भी लगातार सम्पर्क में हैं.